नेपाल में जब से विमान क्रैश का हादसा हुआ है लोगों के मन में कई तरह के सवाल खड़े हो गए हैं। लोग ये जानना चाहते हैं कि जब विमान पुराना हो जाता है तो उसे रिटायर किस तरह से किया जाता है। IATA के मुताबिक 35 सालों में 16000 से ज्यादा विमानों को रिटायर किया गया है यानी साल भर में कम से कम 700 विमान रिटायर्ड हुए हैं। आने वाले 10 सालों में लगभग 11000 विमानों को रिटायर कर दिया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक एक कार्गो एयरक्राफ्ट की उम्र 32 साल की होती है जबकि एक सामान्य यात्री एयरक्राफ्ट की उम्र 25.1 साल होती है। इस तरह हर विमान की अपनी उम्र होती है बोइंग के विमान को 27 सालों में रिटायर्ड किया जाता है। ट्राई स्टार विमान का रिटायरमेंट 24 साल में होता है।
विमानों के रिटायरमेंट तक तो ठीक है लेकिन रिटायर्ड होने के बाद इनका क्या किया जाता है यह भी एक बड़ा सवाल है। बता दें कि एक विमान में साढ़े 3 लाख से ज्यादा पुर्जे होते हैं। जिनका इस्तेमाल दूसरे विमानों में किया जाता है। IATA के मुताबिक यदि किसी भी विमान को सही समय पर और सही प्रोसेस के साथ डिकॉमिशन किया जाता है तो उसके पुर्जे को आसानी से रिसाइकल किया जा सकता है और इनकी कीमत भी अच्छी मिल सकती है।
एरेजोना में दुनिया का सबसे बड़ा स्टोरेज हाउस बना हुआ है जो 2600 एकड़ में फैला है। यहां पर अमेरिकी सरकार के 4600 से ज्यादा रिटायर्ड केयर क्राफ्ट रखे हुए हैं। विमानों में उपयोग किए जाने वाले 80 फ़ीसदी स्पेयर पार्ट यहीं से आते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यदि किसी विमान के सारे पुर्जे अगर निकाल भी लिए जाते हैं उसके बावजूद भी उसकी बॉडी को कबाड़ में बेच कर पैसे कमाए जा सकते हैं। बोईंग 747 की बॉडी 55000 डॉलर यानी की 45 लाख में बिकती है। इसी तरह अन्य विमानों की भी अपनी अलग कीमत है।