लंबे समय से सुनील शेट्टी (Suniel Shetty) की बेटी अथिया (Athiya) और क्रिकेटर राहुल (KL Rahul) की शादी को लेकर चर्चा चल रही थी। ये चर्चा अब खत्म हो चुकी है और कपल हमेशा के लिए एक दूसरे का हो चुका है। दोनों ने खंडाला में सुनील शेट्टी के शानदार बंगले जहान में एक प्राइवेट सेरेमनी में सात जन्मों के लिए एक दूसरे का हाथ थामा। इस शानदार वेडिंग में स्पोर्ट्स और बॉलीवुड इंडस्ट्री के कई मेहमान शामिल हुए।
कपल की शादी की पहली तस्वीर भी सामने आई है जिसमें दोनों पेस्टल रंग के आउटफिट में खूबसूरत नजर आ रहे हैं। दोनों ने अनामिका खन्ना के डिजाइन किए गए आउटफिट पहने हैं। कपल की शादी के बाद अब यह जानकारी सामने आ रही है कि इसी बंगले में आफ्टर पार्टी भी रखी जाने वाली है। जहां कपल और मेहमान गानों पर थिरकते नजर आएंगे।
दोनों की शादी के बारे में बात करते हुए सुनील शेट्टी ने कहा कि बच्चों की शादी हो चुकी है और वह केएल राहुल के ससुर नहीं बल्कि पिता बन कर रहना चाहते हैं ओर उन्हें उम्मीद है कि ऐसा ही होगा। उन्होंने शादी के रिसेप्शन के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि इसका आयोजन आईपीएल के बाद रखा जाएगा। कपल की शादी के बाद सुनील शेट्टी मीडिया को जानकारी देने के लिए बंगले से बाहर निकले। इस दौरान उन्होंने पेस्टल पिंक रंग का धोती और कुर्ता पहना हुआ था। अपने बेटे अहान के साथ उन्होंने पैपराजी को मिठाई बाटी और आने के लिए धन्यवाद दिया। इस दौरान बंगले के बाहर मीडिया के लिए भी टैंट और खाने पीने की व्यवस्था की गई थी।